ओबरा। चोपन-सिंगरौली रेलवे लाइन पर बुधवार को भलुआ टोला के समीप मालगाड़ी से कटकर ओबरा निवासी संतोष गुप्ता के आत्महत्या किये जाने के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर सेक्टर 10 निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक के भाई प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया है कि उसके भाई संतोष गुप्ता (45) ने मकान खरीदने के लिए सेक्टर-10 निवासी सुनील कुमार गुप्ता को 12.65 लाख दिए थे। इसमें से बहुत प्रयास के बाद तीन लाख वापस मिले थे। शेष रुपये वापस नहीं कर रहे थे। इसके कारण संतोष गुप्ता ने परेशान होकर बीते बुधवार की सुबह 8.30 बजे भलुआ टोला में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। बताया कि मौके पर पहुंचने पर देखा तो मेरे भाई का सिर धड़ से अलग था, मृतक भाई की जेब से सुसाइड नोट मिला था। इसमें इस बात का जिक्र था। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुनील गुप्ता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।