बैढ़न। थानाक्षेत्र के खटखरी गांव से रविवार को माड़ा जा रही जीप को खुटार के समीप टाटा 407 ट्रक ने टक्कर मार दी। जीप असंतुलित होकर पलट गई। जीप में सवार सभी 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद पुलिस ने जीप को कब्जे में ले लिया। ट्रक और ट्रक चालक की तलाश शुरू की। अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हालत सामान्य बताई गई। घायल एक ही परिवार के बताए गए हैं।
खटखरी निवासी बसोर परिवार रविवार को पूर्वाह्न लड़की की विदाई कराने माड़ा थाना क्षेत्र के हटका गांव जीप से रवाना हुआ। जीप में गुलाब बसोर, दिनेश बसोर, बघेल बसोर, लालेे बसोर, संजय बसोर, रामलाल बसोर, हुंडी बसोर, बजरंग बसोर, शारदा बसोर, मथुरा बसोर, ओंकार बसोर, लालचंद बैठे थे। जीप खुटार के समीप पहुंची थी कि सामने से आ रहे ट्रक ने उसे किनारे से धक्का मार दिया। जीप असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। घायल लोग चीखने-चिल्लाने लगे। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना देने के साथ स्थानीय लोगों ने जीप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला शासकीय अस्पताल भिजवाया। डाक्टरों ने सभी की हालत बेहतर बताई। बैढ़न पुलिस ने जीप को कब्जे में ले लिया। घायलों से पूछताछ के आधार पर दुर्घटना के लिए आरोपित ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने कहा कि घायलों की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया जाएगा।