सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी गांव में किलर रोड पर यूकेलिप्टस का पेड़ काटते समय किशोर पर गिर पड़ा। घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जमकर बवाल किया। उन्होंने वनकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। करीब आधा घंटे तक हाइवे की रफ्तार थम गई। पुलिस ने दोषियों के विरुद्ध केस दर्ज करने और आश्रितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जितेंद्र पैदल राबर्ट्सगंज जा रहा था। पूर्वाह्न 11 बजे वनकर्मियों ने पोकलेन से यूकेलिप्टस का पेड़ गिराया। पेड़ की एक डाल किशोर के सिर पर गिरी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस दौरान वहां से जा रहे लोग जुट गए। आसपास के लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंच कर मदद में जुट गए। उसे अस्पताल ले जाने के लिए वाहन पर बैठाने लगे, इसी दौरान जितेंद्र (17) पुत्र बजरंगी की मौत हो गई। इस घटन से क्षुब्ध ग्रामीणों का गुस्सा देख पेड़ कटवाने वाले कर्मचारी और पोकलेन का चालक फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीण राजमार्ग पर चक्काजाम कर वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि बिना दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हुए नहीं हटेंगे। उनका कहना था वनकर्मियों के लापरवाही से सड़क के किनारे से चल रहे किशोर के ऊपर पेड़ गिरा है। वनकर्मी आवागमन ठप करके पेड़ काटते तो हादसा नहीं होता। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर डीपी शुक्ला, समंतभद्र शुक्ला, पीएसी के साथ मौके पर पहुंच कर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।