बभनी/सोनभद्र। जिला प्रशासन ने पड़ोसी छत्तीसगढ़ प्रांत की सीमा से सटे पांगन नदी मेें ठेकेदारों द्वारा यूपी की सीमा में अवैध खनन कराने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का फरमान जारी कर दिया है। विगत दिनों दुद्धी एसडीएम, सीओ ने पांगन नदी में छापेमारी कर अवैध खनन पर रोक लगा दिया है। खनन कार्य बंद होेने से खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। गुरुवार को एसओ ने खननकर्ताओं को दबोचने के लिए छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पांगन नदी में छत्तीसगढ़ के कई ठेकेदारों द्वारा बालू निकासी कराई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा नदी का सीमांकन कराने के बाद भी ठेकेदार अवैध तरीके से यूपी की सीमा में बालू निकाल कर मालामाल हो रहे हैं। बावजूद इसके खनन, राजस्व, वन विभाग और पुलिस ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही हैं। इस शिकायत को प्रभारी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थों को दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विगत दो दिन पूर्व दुद्धी एसडीएम राम अभिलाष, सीओ लल्लन प्रसाद यादव, एसओ योगेश यादव फोर्स के साथ पांगन नदी में छापेमारी की। हालांकि उस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा में ठेकेदार खनन करते मिले।
एसडीएम ने यूपी की सीमा में खनन करने पर जेल भेजने की चेतावनी देकर खननकर्ताओं में दहशत पैदा कर दिया है, जिससे के चलते अवैध खनन पूरी तरह से बंद है। पुलिस के सक्रिय होने से अवैध खनन कर मोटी रकम कमाने वालों में हड़कंप मच गया है।