चोपन। थाना क्षेत्र के गुरदह जंगल में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर पशु तस्करों के चंगुल से ढाई दर्जन पशुओं को मुक्त करा लिया। लेकिन तस्कर पुलिस को चकमा देकर जंगल में भाग गए। ग्रामीणों के हाथों मवेशियों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने तस्करों की तलाश में कुछ स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दुबे के निर्देश पर अपराधियों की धर पकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की देर शाम चोपन पुलिस को सफलता हाथ लगी। थानाध्यक्ष सुबाष यादव फोर्स के साथ कस्बे में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ले रहे थे। उसी दौरान मुखबिर ने एसओ को सूचना दी कि गुरदह जंगल होते हुए पशु तस्कर मवेशियों को गोवध के लिए झारखंड ले जा रहे हैं। इस पर थानाध्यक्ष एवं डाला चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव फोर्स के साथ मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंच गए। पुलिस के वाहनों को देखते ही तस्कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तस्करों का पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में गायब हो गए। पुलिस ने तस्करों की काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। तब वे ढाई दर्जन मवेशियों को थाने लेकर पहुंचे। रविवार को लिखा पढ़ी के साथ पुलिस ने स्थानीय लोगों को मवेशी सुपुर्द कर दिया है।