रामगढ़। बरकोनिया थानाक्षेत्र के मऊकला गांव में शनिवार की रात पहाड़ी रास्ते पर चढ़ाई के दौरान सवारियों से भरी जीप सड़क किनारे दस फीट गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी के बाद आसपास के ग्रामीण जुट गए और जीप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
पपड़हवा (बरकोनिया थाना) गांव के निवासी तेजबली (50) पुत्र हरिलाल और काशी (45) पुत्र टीमल शनिवार को रामगढ़ बाजार में खरीदारी करने गए थे। शाम दोनों रामगढ़ से सवारी जीप पर बैठे। इन्हें सहित 10-12 लोगों को लेकर जीप पल्हारी गांव के लिए निकली थी। रात आठ बजे जीप मऊकला गांव के समीप टेहडि़या पहाड़ी के रास्ते पर चढ़ रही थी। अचानक ओवरलोड जीप बैक होने लगी। चालक जब तक कुछ कर पाता जीप सड़क किनारे 10 फीट गहरी खाई गिरकर पलट गई। तेजबली और काशी जीप के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। जबकि अन्य लोग इधर-उधर गिरे जिन्हें मामूली चोट आई। मौकेे पर चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीण पहुंचे और जीप को सीध किया। जीप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना के बाद उनके परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। बरकोनिया पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया। पंचनामे की औपचारिकता पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।