सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर में रविवार को धनतेरस पर सैकड़ों बाइक, दर्जनों बोलेरो, कार, स्कार्पियो, ट्रैक्टर, ट्राली की बिक्री हुई। एजेंसियों में वाहन खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पिपरी रोड पर स्थित विंध्य एवं सिंह आटो सेल्स मेें उपभोक्ताओं को वाहन लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सबसे अधिक हीरो कंपनी के विभिन्न माडलों की मोटर साइकिल बिकी। कई एजेंसियों में इक्का-दुक्का ग्राहक दिखाई दिए। वाहन स्वामी नये वाहनों को सीधे देवस्थल ले जाकर पूजा पाठ करा रहे थे। इस दौरान वाहन मालिक प्रसाद के रूप में मिठाई वितरित करके खुशी का इजहार कर रहे थे।
राबर्ट्सगंज नगर में स्थित एजेंसियों से जिले के अलावा आसपास के जनपदों के रहवासियों ने भी अपनी पसंद के वाहनों को खरीदा। सुबह करीब दस बजे से एजेंसियों पर वाहनों के क्रय करने वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। ग्राहकों ने मनपसंद कलर के वाहन लेने के लिए कई माडल के वाहन देखते रहे। विंध्य आटो सेल्स के प्रोपाइटर राजन दुबे ने बताया कि करीब दो सौ हीरो कंपनी के विभिन्न माडलों की बाइक, 15 स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर की बिक्री हुई है। भीड़ होेने की वजह से उपभोक्ताओं को घंटों बाद वाहन कंप्लीट करके उपलब्ध कराई जा रही थी। सिंह आटो सेल्स रमेश सिंह ने बताया कि बजाज कंपनी कई माडलों की करीब 110 मोटर साइकिल एवं दस न्यू हालैंड ट्रैक्टर, ट्राली की बिक्री हुई। इसी तरह से नगर में स्थित अग्रवाल आटो सेल्स, आकाश मोटर्स समेत अन्य एजेंसियों में वाहनों की बिक्री हुई। देर रात तक एजेंसियों से नये वाहनों के ले जाने का सिलसिला जारी रहा। एजेंसी मालिक ग्राहकों को संतुष्ट करने के लिए कर्मचारियों को मुस्तैद कर दिया था। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित सुप्रसिद्ध माता शीतला के दरबार में सैकड़ों नए वाहनों का पूजन-अर्चन हुआ। इस दौरान मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही थी।