ओबरा। स्थानीय परियोजना के ‘अ’ ताप विद्युत गृह की 50 मेगावाट की पहली इकाई और ‘ब’ ताप विद्युत गृह की दो सौ मेगावाट क्षमता की 12वीं इकाई में ब्वायलर ट्यूब में लीकेज के कारण दोनों इकाई बुधवार को बंद हो गईं। सुबह लगभग साढ़े सात बजे ‘अ’ ताप विद्युत गृह की पहली इकाई एवं दोपहर लगभग तीन बजे ‘ब’ ताप विद्युत गृह की 12वीं इकाई बंद होने से परियोजना का उत्पादन लुढ़क कर मात्र ढाई सौ मेगावाट के करीब आ गया।
इकाई बंद होने के पहले दोनों इकाइयों से क्रमश: 40 मेगावाट और 135 मेगावाट उत्पादन हो रहा था। बता दें कि ‘ब’ ताप विद्युत गृह के दो सौ मेगावाट क्षमता की 13वीं इकाई तकनीकी कारणों से पहले से ही बंद चल रही है जिसको लाइटअप करने के लिए अभियंता युद्धस्तर पर लगे हुए हैं।
समाचार दिए जाने तक परियोजना की 50 मेगावाट की दूसरी इकाई एवं नौवीं इकाई से क्रमश: 40 एवं 190 मेगावाट उत्पादन हो रहा था।
इस संबंध में तापीय परियोजना के ‘ब’ ताप विद्युत गृह के महाप्रबंधक संग्राम प्रसाद ने बताया कि बंद हुई 12वीं इकाई को देर रात तक लाइटअप कर लिया जाएगा, जिसके गुरुवार सुबह तक लोड पर आने की संभावना है।