शक्तिनगर। क्षेत्रीय लोगों को एनसीएल की कोल परियोजनाओं में रोजगार की मांग और बढ़ते प्रदूषण के मसले पर भाजपा आंदोलन करेगी। आठ दिसंबर को नुक्कड़ सभा के बाद आंदोलन की रणनीति का ऐलान होगा।
शक्तिनगर के राजीव गांधी मार्केट में आयोजित बैठक में भाजपा के जुझारू नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने लोगों से मुलाकात के बाद कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार बड़ी समस्या है। उनका कहना था कि क्षेत्रीय लोगों के साथ परियोजना विस्थापित परिवारों के बेरोजगाराें को कोल प्रोजेक्टों में काम रही आउट सोर्सिंग कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए पार्टी वह सब करेगी जो जरूरी होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए श्री तिवारी ने कहा कि प्रदूषण व रोजागर बड़े मुद्दे हैं। इसके लिए पार्टीजनों को एकजुटता प्रदर्शित करनी होगी। उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर को शक्तिनगर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ सभा की जाएगी। इसके बाद आंदोलन की रणनीति का खुलासा किया जाएगा। अध्यक्षता पार्टी के मंडल महामंत्री प्रकाश झा ने किया। इस मौके पर विरेंद्र पाठक, टून्नू मिश्रा, डा.टीएन सिंह, विनोद चौबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।