सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के आयुक्त अनिल कुमार ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय उरमौरा और जय ज्योति इंटर कालेज चुर्क का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेबल अधिकारियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम मे बारे में जानकारी ली। आयुक्त ने विधान सभा घोरावल के बूथ संख्या 344 और 345 प्राथमिक विद्यालय उरमौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां के दोनों बीएलओ से पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति के बारे में पूछताछ की। निर्देश दिया कि किसी भी हाल में किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
इसके लिए संबंधित क्षेत्र के मजरे, बस्ती के घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति जिसकी उम्र एक जनवरी 2015 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वह मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाय। कहा जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं और उन्हें किन्हीं कारणों से मतदाता पहचान पत्र नहीं मिला है तो उन मतदाताओं को डुब्लीकेट मतदाता पहचान पत्र मुहैया कराने के लिए निर्धारित शुल्क 25 रुपये प्राप्त करते हुए प्रपत्र- 8 में आवेदन प्राप्त कर डुब्लीकेट मतदाता पहचान पत्र मुहैया कराएं। इसके बाद उन्होेंने विधान सभा राबर्ट्सगंज के बूथ संख्या 47 और 48 तथा 50 जय ज्योति इण्टर कालेज चुर्क का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां बीएलओ रीता, शीतला प्रसाद और रामबचन से पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान डीएम डीके सिंह, सीडीओ महेंद्र सिंह, एडीएम मनीलाल यादव, एसडीएम सदर राजेंद्र प्रसाद तिवारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने चुर्क में बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। भारत निर्वाचन आयोग से फोटो रोल के प्रेक्षक नियुक्त मंडलायुक्त अनिल कुमार ने चारों विधान सभा में चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्त्रस्म की समीक्षा की। उन्होंने घोरावल और राबर्ट्सगंज विधान सभा में चल रहे कार्यों में सुधार के निर्देश दिए। कहा कि उन बूथों की भी पहचान कर ली जाए जहां मानक से कम या ज्यादा महिला- पुरूष का अनुपात हो। ओबरा में पुरूष, महिला के अनुपातिक अंतर में सुधार लाने का निर्देश दिया।