सिंगरौली। जिले में नगर निगम चुनाव 28 नवंबर को होंगे। रविवार की देर शाम मतदान की तिथि घोषित होने के साथ आचार संहिता प्रभावी हो गई। बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, चुनावी नतीजे छह दिसंबर को आएंगे।
चुनाव की तारीख सार्वजनिक होने के साथ जिले के नगरीय क्षेत्राें में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अधिसूचना के मुताबिक 28 को होने वाले मतदान के लिए पांच नवंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 12 नवंबर तय की गई है। नामांकन पत्रों को वापसी 15 नवंबर को होगी। इसके बाद मप्र में दो चरणों में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के पहले क्रम में सिंगरौली समेत 136 निकायों में मतदान 28 को होगा। रविवार देर शाम चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद सोमवार को प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभिन्न नगर क्षेत्रों में लगाई गई होर्डिंग आदि उतारने का कार्य शुरू हो गया। इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि हर हाल में आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। हर हाल में आदर्श आचार संहिता का पालन हो और चुनावी प्रक्रिया शांति पूर्वक संपन्न हो सके इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी रघुराज राजेंद्रन ने मातहत अफसरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। बताते चले कि नगर निकाय चुनाव में पहली बार ईवीएम मशीन का प्रयोग होगा।