सोनभद्र। गैर प्रांतों व जनपदों से आने वालों के सैंपल लेने का काम शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को 226 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। इस बीच 95 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट भी आई है। सभी निगेटिव हैं। उधर, कोरोना संक्रमित मिले लोगों के आवासों व आसपास के इलाकों को सील किए जाने के बाद लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध अब भी जारी है। अधिकारी लोगों को घरों में रहने की अपील करते दिखे। मौके पर तैनात पुलिस के जवानों को लाकडाउन के पालन न करने वालों से सख्ती से निपटने की हिदायत दी गई है।
सीएमओ डा.एसके उपाध्याय के मुताबिक जिले में गैर प्रांतों व जनपदों से आए 4663 लोगों के सैंपल अब तक जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 3994 लोगों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें 3960 निगेटिव और 34 पाजिटिव मिले हैं। पाजिटिव मिले लोगों में से 29 स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं जबकि पांच अन्य का मधुपुर स्थित कोविड केयर सेंटर में इलाज चल रहा है। उधर, प्रशासन व पुलिस की तरफ से सील किए गए इलाकों में सख्ती जारी है। एसडीएम यमुनाधर चौहान के मुताबिक सील किए गए इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। लोगों को जरूरत के सामान घरों में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लोगों से लाकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील भी की जा रही है। बैरिकेडिंग वाले क्षेत्रों में तैनात पुलिस के जवानों को लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से पेश आने की हिदायत दी गई है।