राबर्ट्सगंज सजौर क्वारंटिन सेंटर सांई नर्सिंग कालेज में निरीक्षण करती कमिश्नर प्रीति शुक्ला।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। विंध्याचल मंडल की आयुक्त प्रीती शुक्ला व आईजी पीयूष श्रीवास्तव ने सोमवार को जिले में ट्रांजिट प्वाइंट और राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां प्रवासी मजदूरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। उसमें संचालित वेंटीलेटर को चलवाकर देखा। स्वास्थ्य परीक्षण सेंटर का भी निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त व आईजी ने डीएम एस. राजलिंगम व एसपी आशीष श्रीवास्तव के साथ साई नर्सिंग कालेज सजौर में स्थापित ट्रांजिट प्वाइंट (राहत शिविर) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मौके पर 95 प्रवासी मजदूरों को पाया। उन्होंने मजदूरों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पूछा कि समय से स्वास्थ्य परीक्षण, नाश्ता, खाना-पानी मुहैया हो रहा या नहीं। यहां डीएम ने बताया कि विभिन्न रेल गाड़ियों से आने वाले प्रवासी मजदूरों का सबसे पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए राहत शिविर में नाश्ता, खाना-पानी आदि गुणवत्ता पूर्ण तरीके से मुहैया कराया जा रहा है। फिर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों से रवाना किया जा रहा है। बताया कि गैर जिलों के मजदूरोेें को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पेयजल आदि की व्यवस्था देकर बसों से छोड़ा जा रहा है। उन्होंने यहां स्थापित कंयुनिटी किचन का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने डायट का निरीक्षण किया। वहां भी 50 प्रवासी मजदूर मिले। यहां भी उन्होंने सुविधाओं के बारे में जाना। यहां बताया गया कि डायट परिसर के ट्रांजिट प्वाइंट के कामगारों को खाना की व्यवस्था के लिए रामलीला मैदान परिसर में कंयुनिटी किचन स्थापित है। इसके बाद दोनों अफसरों ने जिला अस्पताल में संचालित आईसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। यहां वेंटिलेटर चालू कराकर एक्टिविटी को जाना। उन्होंने सेनिपैरा मानिटर, डिफिबिरीयेटर, कंजूमेबुल सामग्रियों की उपलब्धता के बारे में जाना। क्वारंटीन वार्ड का निरीक्षण किया। संदिग्ध कामगारों के सैंपलिंग की व्यवस्था की जानकारी की और सामाजिक दूरी बनाये रखने की अपील की। उन्होंने सैंपलिंग सिस्टम, सेनिटाइजिंग व्यवस्था, पीपी किट की उपलब्धता, एम-95 मास्क की उपलब्धता, ट्रिपल लेयर मास्क की उपलब्धता, वीटीएम वायल की उपलब्धता के बारे में जाना। फिर उन्होंने 100 बेड क्षमता के एल-वन हास्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले के नोडल अधिकारी डीएस उपाध्याय, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एडी हेल्थ ओपी सिंह, सीएमो एसके उपाध्याय, सीएमएस पीबी गौतम, एएसपी ओपी सिंह, एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान, सीओ राजकुमार तिवारी मौजूद रहे।