सोनभद्र/रेणुकूट। जिले की पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी, सर्विलांस व थाना पिपरी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन अंतरजनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 95 किलो गांजा और एक इनोवा कार बरामद हुई है। गांजे की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख 50 हजार रुपये है।
एएसपी (मुख्यालय) कालू सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया को बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने शनिवार शाम करीब 3:40 बजे पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा से रनटोला मार्ग पर पुलिया के पास घेरेबंदी की। एक इनोवा क्रिस्टा की तलाशी ली गई। गाड़ी में पांच बोरियों में रखा 95 किलो गांजा मिला। यह गांजा मथुरा ले जाया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के रौची बांगर निवासी गौरव कुमार, सोनू माथुर और थाना बलदेव निवासी दिनेश उर्फ देव चौधरी के रूप में हुई। उनके पास से चार मोबाइल फोन और 3610 रुपये भी बरामद हुए। एएसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सौरभ सिंह, दिनेश उर्फ सीओ और देवेंद्र उर्फ देव चौधरी के कहने पर ओडिशा के संभलपुर से गांजा लाने गए थे। वहां स्वदीन नामक व्यक्ति से संपर्क किया। उसने गांजा इनोवा में लोड कर उन्हें सौंप दिया। लेन-देन क्यूआर कोड से किया गया था। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार गौरव कुमार पर पहले से ही मथुरा के गोविंदनगर थाने में डकैती व गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डाक पार्सल लिखे वाहन में भरी थी अंग्रेजी शराब, तीन गिरफ्तार
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एक पिकअप से 486.9 लीटर अंग्रेजी शराब व बियर पकड़ा है। तीन तस्कराें को भी गिरफ्तार किया गया है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की टीम रविवार को गश्त पर थी। हिन्दुआरी की तरफ से आ रहे डाक पार्सल लिखे पिकअप को संदिग्ध लगने पर रोका। बिहार नंबर की इस गाड़ी से 905 पाउच व 27 पेटी में कुल 648 केन में 486.9 लीटर अंग्रेजी शराब व बियर बरामद हुई। वाहन सहित इसकी कीमत 11.5 लाख रुपये है। इसे बिहार ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। मौके से दो आरोपियों को और कुछ घंटे के बाद एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवल भगत निवासी विरपुर थाना जुड़ावनपुर वैशाली बिहार, रौशन ठाकुर निवासी धरहरा बिहार और शैलेंद्र सिंह पटेल निवासी हिन्दुआरी थाना राबर्ट्सगंज के रूप में हुई।