ओबरा (सोनभद्र)। स्थानीय शाखा कार्यालय पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक ग्रामीण क्षेत्र की बैठक हाइड्रो इलेक्ट्रिक इंप्लाइज यूनियन इंटक जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में रेणुकापार के विभिन्न आदिवासी पंचायतों सहित सलखन, बेलछ, रुदौली, मकरी बारी आदि ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान 25 अक्तूूबर 2018 को रामलीला मैदान ओबरा में हुए स्थानीय आदिवासी बेरोजगार सम्मेलन में पारित प्रस्तावों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम व संबंधित अधिकारियों के पत्रों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रेषित समस्या पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए निर्देश जारी कर दिया गया है। रेणुका नदी पर पुल निर्माण कार्य शुरू करने हेतु एमडी सेतु निगम लखनऊ ड्राइंग, इस्टीमेट आदि भेज दिए गए हैं, जिस पर कार्रवाई चल रही है। बैठक में स्थानीय लोगों को मैकेनिकल, सिविल कार्यों पर रोजगार न दिए जाने पर इंटक के जिला उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, महासचिव शमीम अख्तर खान, आरपी त्रिपाठी, हरिशंकर गोंड़, रामबिलास दूबे, प्रभात कुमार पांडेय, कंपनी खरवार, रमाशंकर गोंड़, बसंती देवी ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिला तो होली बाद आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि सिविल के मजदूरों को रुपया 240-250 की दर से मजदूरी का भुगतान दो-दो माह पर दिया जा रहा है। मजबूर होकर मजदूर काम छोड़कर जाने को विवश हैं। बैठक में राजाराम भारती, लालता चौहान, दूधनाथ खरवार, मोहर लाल भारती, सुमित्रा देवी, बीडी तिवारी, रामदुलारे गोंड़ आदि रहे।