सोनभद्र। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को जिले के कई दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने राबर्ट्सगंज में स्थित जैन आयल मिल से सरसों तेल सोन दुर्गा ब्रांड का नमूना लिया। जिला अभिहित अधिकारी मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि शाहगंज बाजार स्थित राजकुमार जनरल स्टोर से नमकीन देवी ब्रांड का नमूना, मेसर्स महेश ट्रेडर्स से पोला नमकीन का नमूना, चंचल किराना स्टोर से नमकीन बादशाह ब्रांड का नमूना लिया गया। इसी तरह सीताराम किराना एवं जनरल स्टोर से हल्दी पाउडर का नमूना लिया। टीम ओरगाई स्थित अवधेश मिश्रा के प्रतिष्ठान से ओम साई प्रोडक्टस पहुंची, तब पान मसाला का कारोबार करने वाला मौके से भाग गया। इसके अलावा 15 से 20 दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि होली पर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राघवेंद्र कुमार उपाध्याय, प्रवीन कुमार राय, मयंक शंकर दूबे, प्रमोद कुमार सोनकर शामिल रहे।