सोनभद्र। भारत सरकार के हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स राज्यमंत्री हरदीप एस पुरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गांवों में जाएं और केंद्र व राज्य सरकार की चल रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दें। जिले को पिछड़ेपन से निजात दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर विकास कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाए।
समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास समेत कई अन्य योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार मेहनत करके नीति आयोग के पैरामीटर के सभी बिंदुओं को संतृप्त करते हुए पिछड़ेपन की श्रेणी से सोनभद्र को बाहर कराने में जिम्मेदारी निभाएं। अधिकारी अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में जाकर आदिवासी, गरीब तथा पात्रों के उत्थान की कोशिश करें। उनके विकास की चल रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दें। हर घर पानी, बिजली की व्यवस्था की जाए। डीएम ने भी अधिकारियों को विकास कार्य में तेजी लाने और अधूरी परियोजनाओं का जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, एसडीएम सदर वाईडी चौहान, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीपीआरओ आरके भारती, पीडी आरएस मौर्या आदि मौजूद रहे।