सिंगरौली। एनसीएल में मंगलवार को नए वर्ष के पहले दिन नवीनीकृत अति विशिष्ट अतिथि गृह निकुंज का शुभारंभ किया गया। इससे अब आगंतुकों के ठहरने की सुसज्जित व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्य अतिथि के रूप में सीएमडी प्रभात कुमार सिन्हा ने अतिथि गृह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक तकनीकी/परियोजना एवं योजना पी एम प्रसाद, निदेशक वित्त एन एन ठाकुर, कंपनी जेसीसी में श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि हीरामणि यादव एवं अशोक दूबे, कृति महिला मंडल की अध्यक्ष संगीता सिन्हा, उपाध्यक्षा विमला प्रसाद एवं नीलू ठाकुर बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। नवीनीकृत अति विशिष्ट अतिथि गृह में वेल फर्नीश 4 सुइट, एक वेटिंग हॉल, एक डाइनिंग हॉल, एक रसोई घर तथा अतिथि गृह के सामने फव्वारा युक्त एक सुंदर बागीचा है। इस कार्यक्रम के बाद सीएमडी एवं निदेशक मंडल ने कंपनी मुख्यालय के विभागों का भ्रमण कर कर्मियों को नव वर्ष के अवसर पर कलम प्रदान किए। उन्होंने एनसीएल परिवार के सदस्यों एवं कंपनी के समस्त हितग्राहियों को नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दीं। एनसीएल चालू वित्त वर्ष में 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन के लक्ष्य से अधिक कोयला उत्पादन कर नया कीर्तिमान बनाएगी ऐसी आशा व्यक्त की।