सोनभद्र। विकास कार्य कराने के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को सदर तहसील में चोपन ब्लॉक के ग्राम पंचायत नकतवार के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने डीपीआरओ को नौ सूत्री मांगपत्र सौंपा।
शिकायत कर्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर विकास कार्य कराने की योजना नहीं बनाई जाती है। प्रधान और सेक्रेटरी फर्जी ढंग से कार्य योजना तैयार कर कार्य कराने के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। ग्राम पंचायत निधि प्रथम से करीब 40 लाख रुपये निकाला गया है, लेकिन गांव में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। पूर्व में बने कई शौचालयों की पुताई करवा कर धन निकाला गया है। इसकी जांच होने पर सच्चाई खुलकर सामने आ जाएगी। ग्रामीणों के मांग करने के बावजूद अभी तक प्राथमिक विद्यालय की टूटी चहारदीवारी की मरम्मत नहीं कराई गई। मानक के अनुसार बच्चों को मीडडे मील नहीं मिल रहा है। शिकायती पत्र देने में संजय चौधरी, बच्चन, कलावती, संजीत कुमार, मुन्नू, राजकुमार, देवनाथ, रामनरेश, सूर्यदेव, शंभू आदि मौजूद रहे।