ओबरा। परियोजना कालोनी के कई सेक्टरों को नियमित विद्युत कटौती शेड्यूल में शामिल करने को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रीय लोगों ने पीसीएल आफिस का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान नागरिकों ने कटौती बंद करने की मांग करने के साथ पीसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस संबंध में विद्युत कंट्रोल रूम सारनाथ व राबर्ट्सगंज द्वारा 132 केवी के सब स्टेशन डाला को नगर पंचायतों व नगर पालिक परिषद को चार घंटे का विद्युत कटौती करने के नए शेड्यूल का आदेश दे दिया गया है। यह आदेश चुर्क, गुर्मा, चोपन, ओबरा पर लागू होगा। जिन्हें कुल 20 घंटे ही विद्युत की आपूर्ति हो सकेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री राकेश चंद्रवंशी ने कहा कि डाला फीडर से परियोजना कालोनी के सेक्टर दो, आठ, नौ एवं 10 को विद्युत आपूर्ति होती है। डाला फीडर को मिले नए शेड्यूल के आदेश में परियोजना कालोनी के इन चार सेक्टरों में भी विद्युत कटौती चालू कर दी गई है। इस पर लोगों ने गुस्सा जाहिर की है। लोगों ने मांग किया है कि परियोजना कालोनी के सेक्टरों को बिजली कटौती से बाहर किया जाए। प्रदर्शन में सभासद मनीष विश्वकर्मा, राम भरोस यादव, श्रवण पासवान, वेदांती यादव, रवि, रिंकू, किशन, जवाहर शाह, संतोष, अंकित, विंध्याचल, शंकर विश्वकर्मा, शशिरंजन कनौजिया, मुकेश, आनंद प्रकाश आदि रहे।
बिजली कटौती से आक्रोश, घेरा सब स्टेशन
चोपन। विद्युत कटौती की मार झेल रहे लोगों को निजात दिलाने के लिए हिंदु युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को डाला सब स्टेशन का घेराव किया। लोगों ने एसडीओ से चोपन की विद्युत आपूर्ति नियमत: करने की मांग की। राकेश उपाध्याय ने कहा कि लगभग तीन माह से नगर सहित चोपन गांव आदि की विद्युत आपूर्ति बेपटरी हो गई है। जिससे आए दिन आपूर्ति बाधित हो रही है। कभी 11 हजार तो कभी 33 हजार लाइन में फाल्ट होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि हल्की बारिश या हवा से ही आपूर्ति बाधित हो जाती है। इन समस्याओं से लोग जूझ ही रहे हैं कि नये रोस्टिंग के आने से लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष राकेश उपाध्याय के नेतृत्व में डाला सब स्टेशन पर पहुंच कर पहले के ही तरह आपूर्ति बहाल कराने की मांग। इस मौके पर रामनरेश चौधरी, बबलू सिंह, चंकी मालवीय, राहुल शर्मा, शंकर सिंह, विक्की श्रीवास्तव मौजूद रहे ।