बीजपुर। जुलाई की 29 तारीख को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की थीम पर गुरुग्राम में आयोजित मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में रिहंद की अफसाना को उप विजेता का खिताब मिला है। एनटीपीसी रिहंद की रहवासी अफसाना फिरोजी को मिसेज इंडिया रेडिएंस 2018 में उप विजेता का खिताब मिलने पर सोमवार को रिहंद में महिला मंडल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस सफलता पर शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रीय स्तर के कौशल एवं सुंदरता प्रतियोगिता का आयोजन बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के थीम पर एआरएस ग्लैमर मिसेज इंडिया रेडिएंस 2018 के डाइरेक्टर अदिति ने आयोजित किया था। ग्रैंड फ़िनाले में कुल 20 बेहतरीन मॉडल गृहणी एवं कामकाजी महिलाओं ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराई थी। अफसाना से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने ने पूर्व में भी पनास मिसेज इंडिया ब्यूटीफूल स्माइल 2018 एवं ग्लैमर फेस ऑफ यूपी एंड यूके 2018 की प्रतियोगिता में भी अव्वल विजेता का खिताब जीत चुकी हैं। सात जुलाई को पटना में आयोजित मिसेज सुपर शक्ति 2018 की प्रतियोगिता में भी उन्होंने गोल्डेन हार्ट का खिताब अपने नाम करके रिहंद का गौरव बढ़ाया है। वार्ता के दौरान अफसाना ने प्रतियोगिताओं में सफलता का श्रेय अपने पति उप महाप्रबंधक प्रचालन एफ़ए अहमद एवं समूचे परिवार को दिया। उनका कहना है कि बेटियां किसी भी मामले में कम नहीं हैं। यदि उन्हें मौका दिया जाये तो वे हर काम को बखूबी कर सकती हैं।