अनपरा। थाना क्षेत्र के सिदहवा गांव के लोट टोला में करेंट लगने से संविदा लाइन मैन अशोक लाल गुप्ता की एक दिन पूर्व हुई मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार के पक्ष में जहां तमाम संगठन खड़े हो गए हैं वहीं पीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि अशोक पांच साल पहले काम करता था।
बता दें कि सिदहवा गांव निवासी अशोक लाल गुप्ता (36) की बीते रविवार को करेंट लगने से मौत हो गई थी। परिवार वालों ने पीसीएल से जारी उसके पहचान पत्र को दिखाते हुए बताया कि अशोक रविवार को अधिकारियों के कहने पर बिजली के खंभे पर चढ़ कर तार ठीक कर रहा था लेकिन उसी वक्त बिजली आपूर्ति बहाल हो जाने से करेंट का शिकार हो गया। उपकेंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेका मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने पीसीएल के अफसरों को चेतावनी दी है। उनका कहना है कि मुआवजा न देना पड़े अफसर मुकर रहे है। यदि उसके आश्रितों को मुआवजा नहीं मिला तो संगठन के लोग पिपरी स्थित एक्सईएन दफ्तर का घेराव कर आंदोलन करेंगे। इधर विद्युत वितरण खंड पिपरी के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी शंकर के मुताबिक अशोक पांच साल पहले संविदा लाइनमैन के पद पर कार्य कर रहा था। पांच वर्ष पहले ही उसने पीसीएल से नाता तोड़ दिया। ऐसी स्थिति में मुआवजा दिए जाने का सवाल ही नहीं उठता।