सोनभद्र। सहकारी विभाग के सहकारी संघ (ब्लॉक यूनियन) एवं क्रय विक्रय सहकारी प्रबंध समितियों के प्रबंधन कमेटी के चुनाव की डुगडुगी बज गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त गंगादीन यादव ने नामाकंन, मतदान, वोटो की गिनती और चुनाव परिणाम की घोषणा करने के लिए तिथि की घोषणा कर दी है। सात मार्च 2018 को सभापति, उपसभापति एवं अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। चुनाव की तिथि मुकर्रर होने के बाद जिला प्रशासन चुनाव को सकुशल संपन्न कराने की तैयारी में जुट गया है।
मुख्य निर्वार्चन आयुक्त ने सहकारी विभाग के ब्लॉक यूनियन (सहकारी संघ) एवं क्रय विक्रय सहकारी प्रबंध समितियों के प्रबंधन कमेटी के निर्वाचन के लिए तारीख मुकर्रर कर दी गई है। प्रबंधन कमेटी के सदस्यों के निर्वाचन के लिए तीन फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन होगा। मतदाता सूची पर आपत्ति पांच फरवरी को, प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण छह फरवरी को, 20 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, 22 फरवरी को अंतरिम मतदाता सूची पर आपत्ति, 23 फरवरी को प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण, 24 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का चस्पा, 26 फरवरी को नामाकंन, 27 फरवरी को वैध नाम निर्देशन का प्रदर्शन, 28 फरवरी को नाम निर्देशन वापस और उसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित होगा। छह मार्च को मतदान, उसी दिन मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित होगा। सभापति, उपसभापति, तथा अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिए सात मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन, उसी दिन अंतिम मतदाता सूची पर आपत्ति दाखिल, आपत्तियों का निस्तारण उसी दिन, अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन, नामाकंन दाखिल, वैध नामाकंन की घोषणा, वापसी, चुनाव चिह्नों का आवांटन, जरूरत पड़ने पर चुनाव और मतगगणना एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी। एआर को-ओपरेटिव त्रिभुवन नारायण सिंह ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।