सिंगरौली। बढ़ती हुई गर्मी के दुष्प्रभावों से बचने के उद्देश्य से एनसीएल की कृति महिला मंडल ने शुक्रवार को केंद्रीय उत्खनन एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
मुख्य अतिथि अध्यक्षा संगीता सिन्हा व विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्षा प्रतिमा पांडेय ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला मंडल की सदस्याओं ने सीईटीआई परिसर में काम करने वाले संविदा कर्मियों को गर्मी से बचाव के लिए ओआरएस पाउडर, ग्लूकोन-डी, तौलिया एवं गमछे का वितरण किया। मुख्य अतिथि सिन्हा ने कहा कि गर्मी में रोज 10 से 12 गिलास पानी के साथ-साथ ओआरएस घोल, ग्लूकोन-डी, नींबू पानी, बेल का शरबत, नारियल पानी और छाछ पीने की सलाह दी। साथ ही गर्मी के मौसम में होने वाली सब्जियों एवं फल जैसे तरबूज, खीरा, खरबूजा और ककड़ी आदि के नियमित सेवन के फायदे भी बताए गए। गर्मी में तेज धूप व गर्म हवा से बचने के लिए रोज नहाने, साफ एवं हल्के रंग के कपड़े पहनने, बाहर के भोजन के सेवन से बचने, खाना बनाने तथा खाने से पहले एवं बाद में साबुन से हाथ धोने और किसी अन्य व्यक्ति के प्रयोग की गई तौलिया एवं रुमाल प्रयोग नहीं करने की सलाह भी दी गई। डॉक्टर नेहा स्मृति ने त्वचा रोगों व खराब खाना खाने से होने वाले रोगों की जानकारी दी। लू लगने और शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए थोड़े-थोड़े समय बाद निरंतर पानी पीते रहने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में 56 संविदा कर्मी शामिल हुए।