अनपरा। लोकसभा चुनाव व गर्मी की छुट्टी और वैवाहिक कार्यक्रम से सड़कों से गायब वाहन के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को काशीमोड़ पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच वाहनों पर सवार होने को लेकर यात्री धक्का-मुक्की करते नजर आए।
अंतिम चरण के मतदान, गर्मी की छुट्टी व वैवाहिक कार्यक्रमों के कारण सड़कों से यात्री वाहन नदारद है। जिससे यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुचने में घंटों वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि लोक सभा के अंतिम चरण के मतदान में सैकड़ों की संख्या में बसों को लगाया गया है। जिसके कारण यात्री सुविधा प्रदान करने वाले वाहनों की भारी कमी देखी जा रही है। इसके साथ ही वैवाहिक समय होने के कारण भी बसों की बुकिंग से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही है। जबकि गर्मी की छुट्टी में घर जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिससे यात्री वाहनों की जगह की कमी व सीट की समस्याएं उत्पन्न हो रही है। शुक्रवार को काशीमोड़ स्थित बस स्टैंड पर दर्जनों यात्री बस का इंतजार करते देखे गये। जैसे ही बस आई लोग एक दूसरे से धक्का-मुक्की करते हुए बस में चढ़ने के लिए प्रयास करने लगे। वाहनों की कमी से सर्वाधिक परेशानी महिलाओं व बच्चों को उठानी पड़ रही है। लोग खड़े होकर यात्रा करने के लिए विवश है।