सोनभद्र। बगैर अवकाश के ड्यूटी से गायब रहने और अधिकारियों का फोन रीसिव नहीं करने पर शनिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने छह मुख्य सेविकाओं का वेतन रोक दिया है। सेविकाओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शनिवार को वीएचएनडी दिवस का आयोजन हुआ। सभी मुख्य सेविकाओं को केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया था। डीपीओ एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी चोपन ने निरीक्षण के संबंध में जानकारी के लिए सेविकाओं को फोन किया, लेकिन उन्होंने रीसिव नहीं किया। वहीं तीन सेविकाएं बगैर किसी सूचना के अनुपस्थित रहीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि मुख्य सेविका शेषकला देवी, सुशीला देवी, उर्मिला देवी, राधा देवी, कौशिल्या और शशिबाला देवी का शनिवार का वेतन रोकते हुए उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने के लिए निर्देशित किया गया है। कहा कि डयूटी के प्रति संजीदगी नहीं दिखाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।