केकराही। किसानों की समस्याओं को लेकर अफसर गंभीर नहीं है। किसान सेवा सहकारी समिति के पापी केंद्र में पिछले चार दिनों से गेहूं खरीद बंद है। बोरे के अभाव में किसान गेहूं बेच नहीं पा रहे हैं। इसे लेकर किसानों में रोष है। वहीं इस केंद्र पर 26 अप्रैल तक 1945 कुंतल गेहूं की खरीद हो सकी है।
किसान रामजी सिंह ने बताया कि क्षेत्र के अधिकतर किसानों का गेहूं काटकर मढ़ाई हो चुकी है। बोरे के अभाव में किसान सेवा सहकारी समिति के केंद्र पापी में गेहूं की खरीद चार दिन से बंद है। इस समय शादी विवाह का मौसम भी चल रहा है। खरीद बंद होने से उन लोगों को परेशानी हो रही है। किसान नंद किशोर ने बताया कि उन लोगों को रुपयों की जरूरत है लेकिन गेहूं बिक ही नहीं पा रहा है। सियाराम यादव, राजनरायन, रामपति, प्रदीप सिंह आदि की भी यही समस्याएं हैं। बताया की अगर खरीद जल्दी शुरू नहीं की गई तो किसानों को मजबूर होकर ओने पौने दामों पर व्यापारियों के हाथों गेहूं बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए खरीद शुरू कराने की मांग की है। सचिव विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि पापी केंद्र पर 26 अप्रैल तक 35 किसानों का 1945 कुंतल गेहूं की खरीद हुई है जबकि डिलेवरी 225 कुंतल की ही हुई है। शेष गेहूं केंद्र पर पड़े हैं। बोरी आ जाएगी तो खरीद होगी। डिलेवरी न होने के कारण जगह भी नहीं है। इसी प्रकार कर्मा केंद्र पर 29 अप्रैल तक 2900 कुंतल गेहूं खरीदा गया है। जबकि डिलेवरी मात्र 625 कुंतल की ही हुई है।