सोनभद्र। लोकसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अभी तक पुलिस ने असामाजिक तत्व, समेत अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के करीब 9129 लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ 107/16 की रिपोर्ट एसडीएम कोर्ट को भेजा है। इनमें से 1706 लोगों को एक लाख और कुछ को दो से तीन लाख रुपये की धनराशि से पाबंद किया गया है।
लोकसभा चुनाव की डुगडुगी बजने के बाद पुलिस प्रशासन चुनाव को आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को चुर्क पुलिस लाइन परिसर में स्थित चुनाव सेल से मिली जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज, शाहगंज, घोरावल, करमा, पन्नूगंज, रायपुर, माची, रामपुर बरकोनिया, चोपन, ओबरा, हाथीनाला, जुगैल, पिपरी, म्योरपुर, बभनी, बीजपुर, अनपरा, शक्तिनगर, दुद्धी, विंढमगज और कोन थाने की पुलिस ने अब तक 9129 असामाजिक तत्व, हिस्ट्रीशीटर, आपराधिक प्रवृत्ति लोगों के विरुद्ध 107/16 के तहत कार्रवाई करते हुए राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल एसडीएम की कोर्ट में रिपोर्ट भेज दी है। एसडीएम ने करीब 18 करोड़ की धनराशि से 1706 लोगों को साल भर के लिए पाबंद कर दिया है। अभी भी असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। नवागत पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि सभी थाना प्रभारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पाबंद व्यक्ति विवाद करते हैं तो उनसे पाबंद की धनराशि वसूल करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पाबंद धनराशि जमा न करने वालों को एक साल जेल की सजा काटनी होगी। कहा कि चुनाव में खलल डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।