सोनभद्र। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दायित्वबोध कराते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य को हर हाल में पूरा कराएं। पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त कराने के कार्य में तेजी लाएं। किसी भी कार्य में संबंधित विभाग के अलावा अगर किसी दूसरे विभाग से अड़चन आ रही हो, तो आपसी समन्वय स्थापित करते हुए उसे पूरा कराएं। आईजीआरएस, मुख्यमंत्री शिकायती पोर्टल, जन शिकायती आदि के ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की हिदायत देते हुए कहा कि कोई अधिकारी इसमें लापरवाही करता पाया गया तो उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जाएगी। कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारी पूरा संसाधन लगकर कार्यों को पूर्ण करें। जो कार्यदायी संस्था समय से कार्य पूरा नहीं कर पा रही है, संबंधित विभाग कार्रवाई के लिए उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सीडीओ डॉ. महेंद्र मिश्रा, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, पीडी आरएस मौर्या आदि मौजूद रहे।