म्योरपुर। हवाई पट्टी के विस्तार के मद्देनजर प्रशासन ने गुरुवार को किसानों के साथ हवाई पट्टी में ही बैठक की। हवाई पट्टी पहुंचकर एसडीएम और नायब तहसीलदार ने किसानों से बात की। एसडीएम रामचंद्र यादव ने 33 किसानों से उनकी अधिकृत हो रही जमीन के बारे में चर्चा की और मुआवजे की रकम बताई।
म्योरपुर हवाई पट्टी को रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत हवाई अड्डे का रूप देने के मद्देनजर भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक हवाई पट्टी में हुई। उड्डयन विभाग के विशेष सचिव सूर्य पाल गंगवार के पत्र के बाद प्रशासन भूमि अधिग्रहण की दिशा में सक्रिय हो गया है। कुल 7.4009 भूमि के अधिग्रहण के लिए विभाग ने आठ करोड़ 27 लाख 10 हजार 406 रुपए डीएम के खाते में मुक्त कर दिया है। इसको लेकर तहसील प्रशासन आगे की कार्रवाई में लग गया है। हवाई पट्टी में किसानों के साथ हुई बैठक में एसडीएम रामचंद्र यादव ने 33 किसानों से उनकी अधिकृत हो रही जमीन के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण के लिए उन्हें प्रशासन के पक्ष में रजिस्ट्री करनी होगी। इसके लिए जरूरी दस्तावेज कल तक उपलब्ध करा दिए जाएं ताकि आगे की कार्रवाई हो सके। भू मिश अधिग्रहण के मुआवजे की राशि सरकार के नियमानुसार ही दी जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नही होगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान लालता प्रसाद जायसवाल, नायब तहसीलदार संगीता पांडेय, क्षेत्रीय लेखपाल रामाश्रय, सरफुद्दीन सिद्दीकी, अमरकेश सिंह, दिनेश गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, गौरी शंकर सिंह मौजूद रहे।