अनपरा। औड़ी मोड़ पर विगत चार दिनों से जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदले जाने से नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। एक पखवाड़े के अंतराल में तीन बार ट्रांसफार्मर जल जाने से व्यापारियों का जहां व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
औड़ी मोड़ के निवासियों ने कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मर जल जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक पखवाड़े में तीन बार ट्रांसफार्मर जल चुका है। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने के कारण उक्त समस्या उत्पन्न हो रही है। 250 केवीए का ट्रांसफार्मर नाकाफी साबित हो रहा है। चार दिन पूर्व भी अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे लागों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली नहीं होने से जहां पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है, वहीं उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। लोगों का कहना है कि क्षमता से अधिक लोड ट्रांसफार्मर पर पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ायी जाये या तो फिर एक और नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर लोड को कम किया जाये। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की है। इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता विमलेश सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर आ गया है, देर रात तक बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया जायेगा।