रेणुकूट। स्थानीय बाजार में स्थित बस स्टैंड के समीप एक होटल का ताला तोड़कर हुई लूट के मामले में दर्ज हुए मुकदमे के तीन दिन बाद भी पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नही कर सकी है। इसको लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। भुक्तभोगी ने शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बीते 24 अप्रैल को नगर के बस स्टैंड पर दिनदहाड़े ताला तोड़कर रुपए और सामान निकालने के मामले में पुलिस तीन दिन बाद भी किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी न होने को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है। इससे पूर्व घटना वाले दिन कुछ लोगों द्वारा एक होटल का जबरिया ताला तोड़कर उसमें रखा सामान और नगदी उठा ले गए। आरोप है कि लूट करने वालों ने होटल संचालक एवं उसके पुत्र को चाकू से मारकर घायल भी कर दिया था। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 454, 380, 394, 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नही हो सकी है। भुक्तभोगी होटल संचालक संजीव कुमार ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में लिखा है कि पुलिस के दर्ज किए गए मुकदमें के सारे नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नही कर पा रही है। भुक्तभोगी ने बताया कि लूट के आरोपी मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और धमकी भी दे रहे हैं। होटल संचालक ने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग एसपी से की है।