दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव स्थित ठेमा नदी में शनिवार की सुबह मछली मारने गया खजुरी गांव निवासी सल्ले (25) नदी में डूब गया। युवक का पता न चलने से नाराज परिवार के लोगों ने रांची-रीवा मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन करते हुए गोताखोर बुलाकर युवक को ढूंढने की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
खजुरी गांव निवासी सल्ले अपने साथियों के साथ शनिवार की सुबह 11 30 बजे जाबर गांव स्थित ठेमा नदी में मच्छरदानी से छलका से मछली मार रहा था। प्रत्यक्षदर्शी मुतुर्जा के मुताबिक वह नदी में कपड़ा धुल रहे थे उसी समय उन्होंने देखा कि मछली मारते समय युवक का पैर फिसल गया और वह पास में ही स्थित एक चट्टान से टकराकर नदी में समा गया। उसके दोस्तों ने भी खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय तैराकों के जरिए युवक की खोजबीन में जुट गई। उधर नाराज परिजनों नाजू, शेरू, रियाजु, सिकंदर आदि ने रांची-रीवा मार्ग पर चारपाई रखकर जाम लगा दिया। परिजन गोताखोर बुलाकर युवक की तलाश किए जाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने-बुझाने पर लोग शांत हो गए।