चोपन। जिले के सबसे बड़े रेलवे स्टेशन चोपन के प्लेट फार्मों पर ठंडा पानी का समुचित प्रबंध नहीं है। इसकी वजह से प्रतिदिन गर्मी के दिनों में रेल यात्रियों के बीच पानी को लेकर मारामारी होती रहती है।
चोपन रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर एक और दो के बीच में सिर्फ एक जगह प्लेट फार्म नंबर दो पर ठंडा पानी का प्रबंध है, जहां पर लोगों की भीड़ पहले से ही लगी रहती है। जब कोई ट्रेन प्लेट फार्र्म पर आकर रुकती है उसके बाद रेल यात्रियों को ठंडा पानी के लिए मारे-मारे प्लेट फार्म पर दौड़ना पड़ता है। अंत में ट्रेन जाने लगती है तो मजबूरी में बोतल का पानी खरीदना पड़ता है। युवा व्यवसायी आनंद अग्रवाल और संजय जैन ने कहा कि डीटीएम ने आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही चोपन रेलवे स्टेशन का काया कल्प होगा। लेकिन अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसकी वजह से रेल यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन प्रबंधक एचबी टोपनो ने कहा कि पानी की समस्या के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। मंडल यातायात प्रबंधक अमरेश कुमार ने कहा कि फिलहाल चोपन रेलवे स्टेशन पर दो जगहों प्लेट फार्म नंबर दो और टिकट घर के पास ठंडे पानी की व्यवस्था है। यदि आवश्यकता है तो अन्य स्थानों पर भी लगाया जाएगा।