रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के पास लगा जाम।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक बार फिर लंबा जाम लग गया। पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के लिए फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। कुछ ही देर में जाम करीब 800 मीटर तक फैल गया और जोगियाबीर मंदिर के आगे तक पहुंच गया। लगभग एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे, जिससे यात्रियों, मरीजों, स्कूली बच्चों और कचहरी जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रॉबर्ट्सगंज में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल चारपहिया और दोपहिया वाहनों का आवागमन रेलवे क्रॉसिंग के रास्ते कराया जा रहा है।
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पैसेंजर ट्रेन के आवागमन के लिए फाटक बंद किया गया। फाटक खुलने तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम रेलवे स्टेशन से जोगियाबीर मंदिर के आगे तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों प्रदीप, चिंतामणि और शिवकुमार ने बताया कि इस मार्ग पर लगभग हर 40 मिनट में रेलवे फाटक बंद हो जाता है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ होने से वाहन बेहद धीमी गति से निकलते हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले संकरे मोड़ पर एक समय में मुश्किल से एक बड़ा वाहन गुजर पाता है, जिससे यातायात और बाधित हो जाता है। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और अधिवक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई दोपहिया चालक गड्ढों और फिसलन के कारण गिरते-गिरते बचे।