बभनी की घघरा ग्राम पंचायत के तीन टोलों में आज तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। यहां के ग्रामीण बिजली आने की आस संजोए हुए हैं। कई पीढ़ियां तो घर में बिना बिजली देखे इस संसार से विदा हो चुकी हैं।
विकासखंड बभनी के घघरा ग्राम पंचायत के बनखेता, गिधियारा व हडहाबंधा टोला में विद्युतीकरण नहीं हुआ है। ग्राम प्रधान प्रेमलता ने बताया कि तीनों टोलाें में करीब 700 की आबादी है। लगभग 22 वर्ष पूर्व बिजली देने के लिए खंभा व तार खींचने का कार्य शुरू हुआ, लेकिन ट्रांसफार्मर न लगने से पोल-तार उसी तरह लगे ही रह गए।
प्रधान ने बताया कि तीनों टोले में आदिवासी गोंड, बियार व खरवार वर्ग के लोग रहते हैं। जिले में एक आदिवासी समुदाय से राज्यमंत्री हैं तो दूसरे विधायक। इसी समाज से सांसद भी हैं, बावजूद यहां के लोगों को बिजली नहीं मिल रही है।
करीब दो साल पहले प्रधान की अध्यक्षता में बैठक कर विधायक को पत्र लिखकर टोले में विद्युतीकरण कराने की मांग की गई थी, मगर कोई असर नहीं हुआ। आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण अपनी सुविधाओं को लेकर आज तक आवाज बुलंद नहीं कर सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले केरोसिन तेल मिल रहा था तो लालटेन के सहारे रात गुजार लेते थे। अब तेल भी मिलना बंद हो गया है। विद्युतीकरण न होने से टोले में लगे खंभे व तार भी चोर काट ले गए। तार खंभे लगाने के बाद विद्युत विभाग के लोगों ने मुड़कर भी नहीं देखा, जिसका खमियाजा यहां के ग्रामीणों को भोगना पड़ रहा है।
बनखेता, गिधियारा टोला में जहां तार पोल है, वहां जल्द बिजली सप्लाई कराई जाएगी। हड़हाबंधा टोला को बिजनेस प्लान में लेकर विद्युतीकरण किया जाएगा।
-शिवम गुप्ता, एसडीओ, बिजली।