जिले में कोरोना का संक्रमण फिर रफ्तार पकड़ रहा है। दो स्वास्थ्यकर्मियों, 17 महिलाओं समेत 74 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 2136 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 43 मरीज इलाज के बाद शुक्रवार को स्वस्थ भी घोषित किए गए। अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 1685 हो गई है।इसकी पुष्टि सीएमओ डा एसके उपाध्याय ने की। शुक्रवार को 74 पाजिटिव मरीज मिलने पर एक्टिव मामले अब 431 हो गए हैं।
उधर, चिकित्सकों की टीमें शुक्रवार को भी रेंडम, संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों व कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1731 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1736 लोगों की शुक्रवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 74 पाजिटिव और 1662 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 78192 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 76742 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 2136 पाजिटिव और 74606 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1450 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार को 74 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 431 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से तीन की मौत जिला अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर और 17 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।