बीजपुर। जरहा वन रेंज अंतर्गत पिंडारी गांव से रविवार की रात वन कर्मियों ने पिकअप पर लदी 73 बोटा कत्था की लकड़ी बरामद की। पिकअप सहित बरामद लकड़ी को सीज कर दिया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह वन कर्मियों के साथ गश्त कर रहे थे। तभी सेवका मोड़ के पास अंदर पिंडारी गांव से एक पिकअप आते दिखी। वन कर्मियों ने गाड़ी रोककर तलाशी ली। पिकअप के ऊपर दिखाने के लिए छह बोरी मक्का लोड किया गया था। जब तिरपाल हटाकर जांच की गई तो अंदर 73 बोटा कत्थे की लकड़ी मिली। गाड़ी स्वामी व चालक ने पूछताछ में बताया कि यह लकड़ी पिकअप के आगे चल रही कार में सवार ओबरा निवासी सुनील दास की है। इतना सुनते ही वन कर्मियों ने कार का पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गया।
वन कर्मियों ने पिकअप को अपने कब्जे में लेकर बीजपुर स्थित जायका काॅलोनी में खड़ा करा दिया। रेंजर राजेश सिंह ने बताया कि बरामद लकड़ी पिंडारी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान दीनानाथ जायसवाल के घर से पिकअप में लोड की गई थी। दीनानाथ ने लकड़ी को ओबरा निवासी सुनील दास के हाथों बेचा था। फिलहाल पिकअप चालक अजय कुमार व पिकअप मालिक सोनू निवासी मझोली दुद्धी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी दीनानाथ व सुनील दास के खिलाफ भी वन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।