सोनभद्र। वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन के क्षेत्र मेें किए गए कार्यों की प्रदेश स्तर पर हुई समीक्षा के दौरान जिले को तीसरा स्थान मिला है। शनिवार को लखनऊ में परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी सीएमओ डॉ. एसपी सिंह और दो डॉक्टरों को सम्मानित करेंगी। शुक्रवार को सीएमओ दोनों चिकित्सकों के साथ राजधानी के लिए रवाना हो गए।
बताते चले कि वर्ष 2017-18 में प्रदेश में परिवार कल्याण के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सरकारी एवं निजी क्षेत्र के सेवाप्रदाताओं तथा विशेष जनसंख्या दिवस 2018 के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों को चयनित किया गया है। परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए गए अभियान की भी समीक्षा की गई। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया सीएचसी म्योरपुर के डॉ. राजीव रंजन ने करीब 87 पुरषों की नसबंदी और बभनी के डॉ. गिरिधारी लाल ने एक हजार से अधिक महिलाओं की नसबंदी कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सरकार की ओर से नसबंदी कराने वालों को मिलने वाली समस्त सुविधाओं को मुहैया कराया जा रहा है।