वैनी। नगवां ब्लॉक के दुबेपुर गांव में स्थित विद्युत उपकेंद्र से मंगलवार से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे 50 से अधिक गांवों के उपभोक्ता परेशान हैं। वर्तमान में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में छात्रों के साथ ही आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर वैनी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
दुबेपुर गांव में स्थित विद्युत उपकेंद्र का करेंट ट्रांसफार्मर (सीटी) मंगलवार को जल कर खराब हो गया। इससे क्षेत्र के पौनी, पटवध, वैनी, सरईगाढ़, रइयां, डोरियां, आमडीह, नगांव नंदना, गोटीबांध, वन बहुआर, खलियारी, पनिकप, रायपुर, पडऱी, सुअरसोत, कजियारी, बाराडाड़ आदि गांवों के उपभोक्ता परेशान हैं। लोगों को बिजली के साथ ही पानी के संकट से भी जूझना पड़ रहा है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को वैनी गांव में दोपहर में विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां लोगों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि जब आपूर्ति ठप हुई तो विभागीय जिम्मेदारों ने आश्वस्त किया था कि चार घंटे के अंदर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन 48 घंटे बीत गए और अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं ने चेताया कि यदि व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो सब स्टेशन पर तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन में मूलन सिंह पूर्व प्रधान, कृपा नारायण, शिव पूजन, प्रेमनाथ, मुन्ना, हीरालाल, गोविंद, बालेश्वर, बुल्लू, संतोष, श्याम सुंदर, अर्जुन सिंह पटेल, लल्लू, अवधेश बिहारी पटेल शामिल रहे। विद्युत वितरण खंड राबर्ट्र्सगंज के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि उपकेंद्र की सीटी जल गई है। उसकी मरम्मत कराकर जल्द आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।