ओबरा(सोनभद्र)। जिला क्षय रोग अधिकारी डा.बीके अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को स्थानीय परियोजना अस्पताल पर मोबाइल मेडिकल वैन द्वारा अत्याधुनिक मशीन से टीबी की नि:शुल्क जांच की गई। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक कुल 56 मरीजों के सैंपल लिए गए, जिसमें 16 की मोबाइल वैन में सीबीनेट विधि से जांच की गई। जांच में कोटा, डाला, जुगैल, परसोई आदि स्थान के सात लोग टीबी से ग्रसित पाए गए। एक मरीज का तकनीकी खराबी के कारण टेस्ट का परिणाम नहीं आ सका।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि पॉजीटिव पाए गए सभी मरीजों को चोपन सीएचसी पर शनिवार से नि:शुल्क दवा वितरित होगी। बचे सेंपल को जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उसके परिणाम आने के बाद दवा वितरित की जाएगी। टीबी पाए जाने पर टीबी के दवा का छह से आठ महीने का पूरा इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। साथ ही पौष्टिक भोजन के लिए सरकार की ओर से हर माह पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। प्राइवेट चिकित्सकों एवं प्राइवेट चिकित्सालयों के लिए भी यह सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है। जांच टीम में डा. एस चंद्रा, डा. आरके गुप्ता, डा. एएन बर्नवाल, एसटीएलएस विजयशील सिंह, पीपीएम सतीश सोनकर, एसटीएस अरूण सोनकर, एलटी शिवमूरत यादव, मुन्नालाल भारती शामिल रहे।