सोनभद्र। महिलाओं और छात्राओं से छेड़खानी के मामलों में अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक थानों पर गठित की गई एंटी रोमियो टीम ग्रामीण इलाकों में नहीं दिखती। इसको एसपी किरीट राठोड ने गंभीरता से लेते हुए समस्त थाना प्रभारियों को चेतावनी पत्र जारी किया है। निर्देश दिया गया है कि ग्रामीण अंचलों में स्थित स्कूल, कालेज आदि का प्रतिदिन भ्रमण कर एंटी रोमियो टीम कार्रवाई की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को देंगी। क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के एंटी रोमियो टीम के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
सूबे की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के सभी एसपी को महिलाओं, छात्राओं से छेडख़ानी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सभी थानों में एंटी रोमियो की टीम गठित करने का निर्देश दिया था। जिले के 22 थानों पर एंटी रोमियो टीम गठित की गई है। प्रत्येक टीम में एक दारोगा, तीन कांस्टेबल है, जिसमें एक महिला सिपाही भी शामिल है। एंटी रोमियो टीमों को शहरी और ग्रामीण इलाकों मेें स्थित स्कूल, कालेल, कोचिंग सेंटरों, धार्मिक स्थलों आदि स्थानों पर भ्रमण कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन अधिकांश एंटी रोमियो टीमें शहरी क्षेत्रों में ही भ्रमण करती दिखती हैं। एंटी रोमियो टीम की सुस्ती का फायदा उठाते हुए मनचले घूम रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में स्थित कालेजों, कोचिंग सेंटर समेत अन्य स्थानों पर शोहदों का जमावड़ा लग रहा है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसपी ने थाना प्रभारियों को चेतावनी पत्र जारी कर एंटी रोमियो टीम के कार्यों की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को देने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने कहा कि महिलाओं, छात्राओं को भयमुक्त वातावरण मुहैया कराने के लिए सभी थानों पर एंटी रोमियो टीम गठित की गई है। शिकायत मिली है कि एंटी रोमियो टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि एंटी रोमियो टीम को प्रतिदिन सभी स्कूलों, कालेजों समेत अन्य स्थानों पर भेज कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई कराएं और रिर्पोट दें। ऐसा न करने वाले इंचार्जों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।