सोनभद्र। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और आश्रम पद्धति विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर जिम्मेदारों को साफ-सफाई रखते हुए गरीब बच्चों के मिलने वाली सुविधाओं को ईमानदारी से पहुंचाने की हिदायत दी। इस दौरान जिलाधिकारी ने ब्लैक बोर्ड पर सवाल लिखकर छात्राओं से उसके जवाब भी मांगें। दुर्व्यवस्था को सात दिनों के भीतर दूरकर रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों से तलब की गई है।
जिलाधिकारी पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राबर्ट्र्सगंज पहुंचे। बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्थाएं, चहारदीवारी आदि का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, किचन, क्लास रूम, आवासीय परिसर, किताब, कापी की उपलब्धता, ड्रेस की उपलब्धता, मीनू के मुताबिक खानपान व्यवस्था के बारे में जाना। रसोई घर में जाकर खाद्य सामग्री के ब्रांडों का परीक्षण किया। छात्रों के शयनकक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जरूरत के मुताबिक सप्ताह में एक बार चिकित्सा शिविर लगाने, रसोई घर के फर्श का निर्माण कराने, शुद्ध पेयजल के आरओ प्लांट की स्थापना कराने, एक दर्जन कंप्यूटरों की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय उरमौरा के निरीक्षण में उन्होंने बेहतर शिक्षा दिए जाने की हिदायत संबंधितों को दी। पेयजल आपूर्ति के लिए सबमर्सेबल सिस्टम को तत्काल ठीक कराने का निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी ऋतुराज सिंह को दिया। स्कूल परिसर में जलजमाव न होने नालियों की सफाई कराने, भौतिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग करने संबंधी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तलब की है।