बभनी। क्षेत्र में एकलौता राजकीय इंटर कॉलेज चपकी में 650 छात्र अध्ययनरत हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए कॉलेज में महज दो अध्यापिकाएं हैं। जबकि महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नदारद हैं। ऐसे में इन बच्चों की पढ़ाई कैसे हो, इसको लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
क्षेत्र में मान्यता प्राप्त कॉलेज कई हैं, लेकिन राजकीय कॉलेज एक है। इस कॉलेज में 650 बच्चे अध्ययनरत हैं। अभी प्रवेश चल रहा है। कॉलेज में पढ़ाने के लिए महज दो शिक्षिकाएं हैं। बच्चों के पढ़ाई को लेकर अभिभावकों को चिंता सता रही है। अभिभावक अनिल कुमार, कृष्ण कुमार, बेचन, भगवान दास का कहना है कि इस बारे में कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई परिणाम नहीं निकला है। कॉलेज में एलटी ग्रेट के 12 पद सृजित हैं और प्रवक्ता के नौ पद हैं। कहने के लिए इस कॉलेज में एलटी ग्रेड के तीन शिक्षक कार्यरत हैं। लेकिन जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेशानुसार दो शिक्षक दूसरे कॉलेज में संबद्ध कर दिए गए हैं। कॉलेज में प्रधानाचार्य भी नहीं है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य के भरोसे कालेज संचालित हो रहा है। कालेज में कनिष्ठ लिपिक भी नहीं हैं। महत्वपूर्ण विषयों गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गृह विज्ञान, कला, संस्कृत के प्रवक्ता हैं ही नही। अभिभावकों का कहना है कि यदि कॉलेज में तत्काल प्रवक्ताओं की नियुक्ति नही की जाती है तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जायेंगे। कार्यवाहक प्रधानाचार्य सविता जायसवाल ने बताया कि कॉलेज में प्रवक्ताओं के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा गया है।