सोनभद्र । जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह व मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बुधवार को संयुक्त रूप से मारकुंडी स्थित बलुई बंधी व इको प्लाइंट का निरीक्षण किया।
डीएम ने बलुई बंधी के जल ग्रहण की क्षमता, नहर संचालन व मत्स्य पालन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंधी प्रखंड के अधिकारियों को बांध के रखरखाव आदि का निर्देश दिए। बंधी का निरीक्षण कर वापस आते समय अफसरों ने पर्यटन विकास के मद्देनजर इको प्वाइंट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। कहा कि इको प्वाइंट को पर्यटन के रूप में विकसित कर पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। इसी के साथ जिले के वन, पहाड़, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व के स्थलों को भी विकसित किया जाएगा। इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस मानिकनंदन भी मौजूद रहे।
सामूहिक विवाह स्थल का लिया जायजा
जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को डायट परिसर में सात जुलाई को होने वाले 1001 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों का भी जायजा लिया। शादी पांडाल स्थलों व मुख्यमंत्री के संभावित आशीर्वाद समारोह स्थल की तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया। डीएम ने वाटर प्रुफ पांडाल स्थल, शादी के जोड़ा स्थलों, शादी पूजा स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, मंच, डी एरिया, मीडिया कवरेज स्थल, वीआईपी आने-जाने के रास्ते के साथ ही पूरे परिसर के तैयारियों के संबंध में जिम्मेदारों से जानकारी ली।