सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के पीथा गांव के पास शनिवार को वाराणसी-इंटरसीटी ट्रेन के आगे कूद कर एक अधेड़ आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त सिद्धिनाथ (50) के रूप में हुई। रेलवे कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई।
पीथा गांव से लगभग पांच मीटर उत्तर राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाली रेलवे लाइन पर सुबह नौ बजकर 35 मिनट पर शक्तिनगर से वाराणसी जा रही इंटरसीटी ट्रेन के आगे एक व्यक्ति छलांग दी, जिससे उसका शरीर कई हिस्सों में कट गया। ट्रेन के चालक आरएम पांडेय ने राबर्ट्सगंज स्टेशन के अधीक्षक आरएन सारस्वत को घटना की जानकारी दी। स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी चौकी चुर्क और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने मृतक की शिनाख्त राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव निवासी सिद्वीनाथ पुत्र विश्वनाथ के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। घरवालों ने कहा कि सिद्धीनाथ ने आत्महत्या किन कारणों से किया उन लोगों को कुछ पता नहीं है। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने अधेड़ ने आत्महत्या क्यों की, इस बारे में पता लगाया जा रहा है।