घोरावल। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को कहा कि अधिवक्ताओं का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान होता है। न्यायिक व्यवस्था का मूल आधार अधिवक्ता होता है। वादकारियों और उसमें भी खास तौर से गरीबों को ईमानदारी के साथ सस्ता और सुलभ न्याय मिलना चाहिए। बार और बेंच में समन्वय बेहद जरूरी है।
शनिवार को घोरावल तहसील परिसर में आयोजित दी घोरावल बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में अनुप्रिया ने कहा कि यह इलाका बेहद पिछड़ा हुआ और गरीब है। अधिवक्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे किसी भी केस की गहराई से छानबीन करें और पीड़ित को समुचित न्याय दिलवाएं। न्याय एक ईश्वरीय कार्य है। अधिवक्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि वे सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय दिलाने में नागरिकों का ईमानदारी के साथ सहयोग करें। मुख्य अतिथि अनुप्रिया और विशिष्ट अतिथि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. पीआर मौर्या ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विंध्यवासिनी प्रसाद सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता और राजेश सिंह पटेल ने संचालन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष गोपाल सिंह ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। निर्वाचन अधिकारी अफजाल अहमद और कैलाश नाथ सिंह ने संपन्न हुए चुनाव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सांसद पकौड़ी लाल कोल, दुद्धी विधायक हरीराम चेरो, एसडीएम शादाब असलम, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार बबलू, प्रयाग दास, राम अनुज धर द्विवेदी, राजकुमार गुप्ता, धनंजय सिंह, राणा प्रताप सिंह, सत्यनारायण पटेल, रमाकांत पटेल मौजूद रहे।