सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली में शुक्रवार को महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के प्रभारी मैनेजर समेत तीन के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपियों ने बकाया किस्त जमा करने के बाद भी प्रितेश का ट्रैक्टर वापस नहीं किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई हुई।
पुलिस के मुताबिक नौगाई गांव निवासी वादी प्रितेश का कहना है कि उसने महिंद्रा फाइनेंस शाखा राबर्ट्सगंज से अपने भाई नीलेश के नाम से ट्रैक्टर फाइनेंस कराया था। लेकिन किन्हींकारण वश उसने निर्धारित तिथि पर कुछ किस्त अदायगी नहीं कर सका। इससे नाराज होकर 20 मार्च 2017 को फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारी उसके ट्रैक्टर को ले जाकर एक यार्ड में खड़ा कर दिया। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने कहा कि बकाया किस्त जमा करने पर ट्रैक्टर वापस कर दिया जाएगा। 31 मार्च 2017 को उसने बकाया किस्त चुकता कर दिया, बावजूद इसके फाइनेंस कंपनी से जुड़े लोगों ने ट्रैक्टर वापस नहीं किया। कर्मचारी कहने लगे कि अगली किस्त जमा करने के बाद भी ट्रैक्टर को वापस करेंगे। पुलिस ने बताया कि महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के प्रभारी मैनेजर विकास सिन्हा, कर्मचारी सौरभ दूबे, और दयाल शंकर के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य धारा में मुकदमा कायम किया गया है। आरोपियों के ऊपर किस्त जमा करने के बाद भी वादी का ट्रैक्टर वापस न करने का आरोप है।