सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में स्थित निजी हॉस्पिटल में बुधवार की रात इलाज के दौरान महिला मीना (55) की मौत हो गई। संबंधितों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर नारेबाजी करने लगे। सूचना के बाद तहसीदार नदंलाल सिंह पुलिस के साथ पहुंचे। बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराए बिना शव लेकर चले गए।
बुधवार की दोपहर करीब दो बजे श्रेया हॉस्पिटल में दूरबीन विधि से पन्नूगंज थाना क्षेत्र के ओरगाई गांव की मीना के पेट में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। अर्धरात्रि के बाद अचानक मीना की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह मृतका के कुछ रिश्तेदार और परिचितों ने अस्पताल पहुंच कर लापरवाही से मौत होने की बात कहकर हंगामा मचाने लगे। उधर मामले की जानकारी होने पर सदर तहसीलदार, प्रभारी कोतवाल शमशेर यादव ने अस्पताल पहुंच कर मौत के कारणों के बारे में पूछताछ की। तहसीलदार नंदलाल सिंह ने बताया कि मृतका के घरवालों ने स्वाभाविक रूप से मीना की मौत होने की बात कहते हुए पीएम कराने से इंकार कर दिया, इसलिए बगैर पोस्टमार्टम के उन्हें शव ले जाने दिया गया। समझाने पर सभी शांत होकर चले गए।