बभनी/ विण्ढमगंज। यूपी सरकार का सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा फेल साबित हो रहा है। यूपी-छत्तीसगढ और रीवां-रांची मार्ग जगह-जगह से गड्ढे से तब्दील हो गई है। इससे आए दिन गड्ढे में ट्रकों के फंसने से जाम लग रहा है। पिछले दिनों तीन दिन तक बभनी में इसी नाते लगातार जाम लगा रहा। मंगलवार को एक बार फिर बभनी में कंटेनर और विण्ढमगंज में ट्रक गड्ढे में फंसने से घंटों जाम लगा रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत कर जाम खोलवाया। बभनी से आसनडीह मार्ग लोगों की परेशानी का सबब बन गया है। सड़क पर बडे-बड़े गड्ढे शासन के गड्ढा मुक्त सड़क योजना को मुंह चिढ़ा रहे हैं। आए दिन सड़क पर छोटी बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर दलदल जैसी स्थिति है। मंगलवार को कंटेनर गड्ढे में खराब हो गया जिससे बभनी-आसनडीह मार्ग पर जाम लग गया। घंटों जाम के बाद किसी तरह से वाहन को ठीक कर बाहर किया गया। गौरतलब है कि अभी पांच दिन पूर्व इसी मार्ग पर पांच दिन तक लंबा जाम लगा हुआ था। किसी तरह से गड्ढों में गिट्टी और मिट्टी डालकर जाम हट सका।
विण्ढमगंज प्रतिनिधि के अनुसार रीवां-राची राष्ट्रीय राज्य मार्ग 75 के बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुके विण्ढमगंज-दुद्धी मार्ग पर विण्ढमगंज बाजार में सड़क पर बने गड्ढे में एक ट्रक फंस गया। इससे सुबह नौ बजे से तीन बजे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने जेसीबी मशीन से ट्रक को हटवाकर जाम समाप्त कराया। क्षेत्र के रमेशचंद्र ने कहा कि पिछले दिनों तहसीलदार दुद्धी ने आश्वासन दिया था कि 16 जुलाई से सड़क पर बने गड्ढे को भरने का काम शुरू हो जायेगा, लेकिन यह झूठा साबित हुआ। मार्ग पर लगे जाम के कारण विण्ढमगंज से दुद्धी के विभिन्न निजी स्कूलों पढ़ने जाने वाले करीब 200 बच्चे जाम में फंस गये। कई बच्चे तो भूख लगने के कारण रोने लगे।